dimaagi khalal
उन दिनों ऑपरेशन सिर्फ़ किसी ख़ास वजह से ही हुआ करता था , अधिकतर सभी डिलीवरी साधारण कुदरती तौर पे ही होती थीं। इसलिए कई लोगों को यह भी नहीं पता था कि ऑपरेशन को सिज़ेरियन भी कहते है। लोग ऑपरेशन का होना बहुत बड़ी बात मानते थे, इसलिए मेरा पूरा परिवार गहरी चिंता में था और मैं डॉक्टरों की बातें सुनकर डॉक्टरी के नए शब्द सीख रही थी।
जी हाँ , मैंने भी सिज़ेरियन शब्द पहली बार ही सुना था , और ऑपरेशन के वक़्त सोच रही थी कि इतिहास के एक पाठ में जूलियस सीज़र के बारे में पढ़ा था , लेकिन यह सब ऑपरेशन को सिज़ेरियन क्यों कह रहे हैं , इसके बारे में कभी नहीं पढ़ा। उतने में डॉक्टर साहिबा ने मुझसे पूछा "चेतना , चेतना , मेरी आवाज़ सुन रही हो , बात करो मुझसे।" मैंने कहा हाँ सुन पा रही हूँ , और हैरत में पड़ गई , यह क्या मैं तो बेहोश हुई ही नहीं , लेकिन जब थाइरोइड का ऑपरेशन हुआ था तब तो मैं बेहोश थी कई घंटे। अब एक पल के लिए घबराहट हुई कि पेट काटेंगे तो दर्द होगा तो क्या करूँगी।
डॉक्टर साहिबा ने फिर कहा पैर हिला के देखो , कुछ महसूस हो रहा है क्या? , मैंने कहा नहीं। बड़ी गुदगुदी सी हो रही थी जैसे कोई बड़े से रबड़ के टुकड़े को हिला रहा हो। डॉक्टर ने पूछा वोट किया या नहीं , मैंने जवाब दिया नहीं। सोच रही थी कि अब इस सवाल का मेरे ऑपरेशन से क्या लेना देना। डॉक्टर ने फिर पूछा "चेतना क्या लगता है भाजपा जीतेगी या कोंग्रेस?" मैंने जवाब दिया ," कोई भी जीते क्या फर्क पड़ेगा , मैं नतीजा देखने के लिए रहूंगी या नहीं वो ही नहीं पता।
डॉक्टर ने कहा ठीक है , और आपस में ही चर्चा करने लगे चुनाव के नतीजों की। मैं थोड़ी सी चिंतित हुई कि इन लोगों का ध्यान तो बातें करने में हैं, काम पे ध्यान है या नहीं।
अपनी ज़िन्दगी से भी शिकायत कर रही थी कि एक तो पहले कभी माँ ने महवारी के बारे में नहीं बताया , तो वह अनुभव नया था। फिर शादी के बाद दांपत्य जीवन के बारे में नहीं बताया , तो वह भी झेल लिया। गर्भ और डिलीवरी के बारे में भी कभी कुछ नहीं बताया , तो वह गंभीर समस्या बन गयी। किस्मत ऐसी थी कि डॉक्टरों को भी वक़्त नहीं मिला एक बार बताने को कि ऑपरेशन कैसे होता है , ऑपरेशन से पहले और बाद की देख भाल कैसी होगी।
कितना ज़रूरी होता है सही उम्र में बच्चों को ज़िन्दगी की इन बातों की जानकारी देना। काश उस ज़माने में इंटरनेट का इस्तेमाल एक आम बात होती, तो शायद मेरी स्थिति कुछ अलग होती।
Comments
Post a Comment